साधु का फोन बजा तो वरुण गांधी ने कसे योगी आदित्यनाथ पर तंज- ना जाने कब महाराज मुख्यमंत्री बन जाएं

भाजपा सांसद वरुण गांधी अकसर अपनी ही पार्टी पर तंज कसते रहे हैं। कभी वह किसानों का जिक्र कर सरकार पर हमला बोलते हैं तो कभी बेरोजगारी का मुद्दा उठाकर अपनी ही पार्टी की सरकार को कटघरे में खड़ा करते हैं। अब उनका एक और बयान सामने आया है, जिसमें मंच पर एक साधु का फोन बजने पर उनके समर्थक रोकते हैं तो वह कहते हैं कि टोको मत। ना जाने कब साधु महाराज मुख्यमंत्री बन जाएं। समय की गति का कोई पता नहीं है। यदि महाराज मुख्यमंत्री बन गए तो हमारा क्या होगा। उनके इस तंज को यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से जोड़कर देखा जा रहा है।

दरअसल पीलीभीत में एक जनसभा को संबोधित करने के लिए वरुण गांधी पहुंचे थे। इस दौरान मंच पर उनके साथ एक साधु भी खड़े थे। उनके संबोधन के बीच ही साधु महाराज का फोन बज जाता है और उनके समर्थक साधु को टोकते दिखते हैं। इस पर वरुण गांधी ने उन्हें रोकते हुए कहा, ‘आप लोग इनके साथ ऐसा मत करो। कल जाकर ये मुख्यमंत्री बन जाएंगे तो हमारा क्या होगा। महाराज जी मुझे लगता है कि समय अच्छा आ रहा है।’ राहुल गांधी ने इस दौरान बंगाली समुदाय को संबोधित करते हुए जो कहा, वह भी भाजपा पर ही तंज के तौर पर देखा जा रहा है।

वरुण गांधी ने कहा कि आप भेड़ चाल में चलकर वोट मत दो। कोई आए और भारत माता की जय का नारा लगा दे तो उसे ही वोट मत दो। मैं यह नहीं चाहता कि आप वोट देने के बाद इंसान नहीं सिर्फ एक नंबर बन जाएं। वरुण गांधी एक पौधारोपण अभियान में पहुंचे थे। यहां उन्होंने कुछ पौधे रोपित किए और उसके बाद जनसभा को भी संबोधित किया। इस बीच वरुण गांधी के कांग्रेस में जाने को लेकर फिर से कयास तेज हो गए हैं। दरअसल कांग्रेस के नए यूपी अध्यक्ष अजय राय से जब इस संबंध में सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह मां बेटे के रिश्ते जैसा है।

वरुण गांधी के फिर से कांग्रेस में जाने के क्यों लग रहे कयास
अजय राय ने कहा, ‘यह मां और बेटे की बीच का मामला है, मुझे लगता है कि भाजपा में रहकर वरुण गांधी अपने स्तर को कमजोर कर रहे हैं। अब तक जो स्थितियां रही हैं वो सांसद रहे हैं और साथ में काम कर रहे हैं उन्हें निश्चित रूप से विचार करना चाहिए, कि उन्हें क्या करना है।’ उन्हें कांग्रेस में शामिल करने पर अजय राय ने कहा कि इस संबंध में फैसला तो हाईकमान को ही लेना है।

Share this news