इंडिया गठबंधन में दरार: नाराज अखिलेश यादव बोले- कांग्रेस धोखेबाज है पता होता तो नहीं करते गठबंधन

सपा मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारें को लेकर कांग्रेस से खासा नाराज हैं। बृहस्पतिवार को सीतापुर पहुंचे सपा मुखिया ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोला। उन्होंने दो टूक कहा कि कांग्रेस अपने चिरकुट नेताओं से सपा के लिए बयानबाजी न करवाएं। अखिलेश ने कांग्रेस को धोखेबाज बताते हुए कहा कि अगर उन्हें पता होता इंडिया गठबंधन विधानसभा स्तर पर नहीं है तो कांग्रेस से बात ही नहीं करते। शाहजहांपुर जाते समय सपा जिलाध्यक्ष छत्रपाल यादव के आवास पर पूर्व मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि अगर वे (कांग्रेस) कहते हैं, कि विधानसभा स्तर पर गठबंधन नहीं है तो हम स्वीकार करते हैं। शायद हमें ही कन्फ्यूजन रहा होगा।
मध्य प्रदेश में सपा की कोई हैसियत नहीं है, यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के इस बयान पर पलटवार करते हुए अखिलेश बोले कि उनकी हैसियत क्या है। इंडिया गठबंधन के बारे में वे कितना जानते हैं, कितनी बैठकों में थे। अखिलेश ने कहा कि कांग्रेस के बड़े नेताओं से अपील हैं कि छोटे नेताओं से इस तरह की बयानबाजी न कराएं। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की मीटिंग में कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने रात-रात भर वार्ता की।

Share this news