एक्शन मोड में बलिया पुलिस : महिला को गोली मारने वाले सगे भाई तमंचा कारतुस के साथ गिरफ्तार

बलिया की गड़वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वृद्ध महिला पर जानलेवा हमला करने से वाले दोनो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तमंचा मय खोखा कारतूस भी बरामद किया गया है।

15 जुलाई को वादिनी द्वारा गड़वार थाने में प्रार्थना पत्र दिया गया कि रात्रि करीब 12.30 बजे दुकान खाली कराने के विवाद को लेकर नेसार अंसारी व सरोज अंसारी ने घर पर आकर मेरी मां वाहिदा खातून को गोली मार दिया, जिससे वादिनी की मां घायल हो गयी। गड़वार पुलिस ने तत्काल सुसंगत धाराओं मे अभियोग पंजीकृत कर अभियुक्तों की गिरफ्तारी का प्रयास शुरू कर दी। सोमवार को गड़वार के उप निरीक्षक कालीशंकर तिवारी मय हमराह पुलिस टीम द्वारा धारा 452, 307 भादवि से संबंधित निसार अहमद व मो. सिराज अंसारी पुत्रगण स्व. रउफ (निवासी गड़वार) को मुखबिर की सूचना के आधार पर गड़वार बलिया रोड़ स्थित सीमेन्ट गोदाम के सामने से गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक तमंचा व एक खोखा कारतूस .315 बोर बांस कोठी के पास झाड़ियों के बीच से बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर सुसंगत धाराओं में दोनों को चालान न्यायालय किया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में हेड कां. शत्रुधन यादव, संदीप यादव व महिला कां. ज्योति यादव शामिल रही।

Share this news