सात जन्मों के साथ का वादा चकनाचूर : शादी के बाद एक साथ उठी दूल्हा-दुल्हन की अर्थी

कब किसके साथ क्या हो जाए, कोई नहीं जानता। बिहार के नालंदा में एक ऐसी ही चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब शादी के तुरंत बाद एक्सीडेंट में दूल्हा-दुल्हन की मौत हो गई। नए कपल की मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। दूल्हा दुल्हन दोनों के ही गांवों में कोहराम मचा है। इस दर्दनाक हादसा से हर कोई स्तब्ध है।

नालंदा में वैवाहिक कार्यक्रम रीति रिवाज से पूरा हुआ। बारात की विदाई भी ठीक से हो गई। इसके बाद जो हुआ उसे जानकर हर कोई सन्न रह गया। शादी के चंद घंटे बाद ही एक्सीडेंट में दूल्हा-दुल्हन की एक साथ दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में दूल्हे का बहनोई गंभीर घायल हो गया। पलक झपकते ही दूल्हा-दुल्हन दोनों के घरों में मातम छा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रैक्टर सहित फरार हुए चालक तलाश शुरू कर दी है।

गिरियक के सतौआ गांव निवासी कारू चौधरी की बेटी पुष्पा कुमारी (20) की शादी नवादा के महराना गांव निवासी श्याम कुमार (26) के साथ हुई। शनिवार दोपहर को पुष्पा को विदा किया गया। इनोवा कार से श्याम अपनी दुल्हन पुष्पा तथा बहनोई के साथ अपने गांव महाराना के लिए निकला। दोपहर करीब चार बजे ये लोग पुरैनी गांव के पास पहुंची ही थी, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने इनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में श्याम और पुष्पा की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, श्याम का बहनोई और कार चालक बुरी तरह से घायल हो गए।

श्याम की शादी को लेकर घरवालों ने खास तैयारी की थी। बड़े धूमधाम से बारात नालंदा आई थी। शादी में भी सब ठीक रहा, लेकिन सात जन्मों का साथ निभाने वाले दूल्हा-दुल्हन चंद घंटे बाद ही इस दुनिया को अलविदा बोल गए, जिसने भी उनके बारे में सुना वो सन्न रह गया।

घटना की सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने दूल्हा-दुल्हन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही गंभीर घायल बहनोई को इलाज के लिए विम्स में भर्ती कराया। उधर, कार को टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर सहित फरार हो गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। उधर, घटना की सूचना परिवारों को मिली तो वहां मातम छा गया। पल में खुशियां गम में बदल गईं। लोगों का कहना था कि हमने तो बेटी को खुशी-खुशी विदा किया था, क्या पता था कि ऐसा कुछ हो जाएगा।

Share this news