वाराणसी में बर्तन धुलने के दौरान गर्भवती महिला को सांप ने डसा,मौत वाराणसी के बड़ागांव क्षेत्र में एक गर्भवती महिला को जहरीले सांप ने डस लिया। सांप के डसने से महिला की मौत हो गई। महिला के शव की अंत्येष्टि के लिए बीते 36 घंटे से परिजन उसके पति का गुजरात से घर आने का इंतजार कर रहे हैं। आज पति के घर आने पर महिला के शव की अंत्येष्टि की जाएगी। बर्तन धुलने के दौरान सांप ने डसा

बड़ागांव थाना अंतर्गत अनौरा गांव निवासी राजू चौहान की शादी 3 साल पहले जौनपुर जिले की मनीषा चौहान (30) के साथ हुई थी। राजू चौहान गुजरात में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। राजू और मनीषा की अभी कोई संतान नहीं है। परिजनों के अनुसार, मनीषा गर्भवती थी। शुक्रवार की रात परिवार के लोगों के भोजन करने के बाद मनीषा बर्तन धुलने के लिए गई थी।
उसी समय उसे जहरीले सांप ने डस लिया। मनीषा की चीख सुन कर परिजन भाग कर पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना राजू को देने के साथ ही परिजन मनीषा का शव लेकर घर लौट आए। ग्रामीणों की सलाह पर शनिवार को परिजन मनीषा को गाजीपुर स्थित एक देवस्थान पर झाड़-फूंक के लिए ले गए, लेकिन वहां भी उसे मृत घोषित कर दिया गया।

पति आज पहुंचेगा घर

गुजरात में नौकरी करने के कारण राजू आज अपने घर पहुंचेगा। इसके चलते मनीषा का शव घर पर ही बर्फ के सहारे रखा गया है। इस घटना से मनीषा के परिजनों के साथ ही पूरे गांव का माहौल गमगीन है। ग्राम प्रधान दीपक चौहान ने बताया कि मनीषा का शव उसके घर पर बर्फ से ढंक कर रखवाया गया है। पति राजू के आने के बाद आज शव की अंत्येष्टि की जाएगी।

Share this news