आजमगढ़: घर में घुस कर महिला को मारी गोली

आठ वर्ष पूर्व पट्टीदारी विवाद में हो चुकी है पति की हत्या
आजमगढ़। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के सोठौली गोसाईगंज गांव में सोमवार की दोपहर घर में घुसकर 45 वर्षीय महिला को गोली मार दी गई। स्थानीय अस्पताल से रेफर की गई घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। वारदात की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। पट्टीदारों से चल रही अदावत में इस घटना के पूर्व दो हत्याएं हो चुकी हैं।
देवगांव कोतवाली क्षेत्र के सोठौली गोसाईगंज निवासी धारा देवी (45) पत्नी स्व. अशोक गिरी सोमवार की दोपहर करीब एक बजे घर में अकेली थी। उस समय महिला का छोटा पुत्र नितेश पड़ोस में रहने वाले बड़े पिता के घर से ठंडा पानी लेने गया था। इसी दौरान कुछ लोग उसके घर में घुसे और महिला को गोली मार कर फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर नीतेश घर पहुंचा तो मां को लहूलुहान देख शोर मचाया। शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर जुट गए। घायल महिला को आनन-फानन लालगंज सीएचसी ले जाया गया। घायल महिला की हालत नाजुक देख प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। घटना के पीछे पुरानी रंजिश को प्रमुख कारण बताया जा रहा है। बताते हैं कि घायल महिला के पति अशोक गिरी की विगत आठ अक्टूबर 2014 को हत्या कर दी गई थी। इसके बाद अशोक के पट्टीदार दिलीप गिरी की 9 दिसंबर 2020 को हत्या कर दी गई। इस वारदात में नामजद मृतक अशोक के पुत्र नीरज व निर्भय गिरी जेल गए थे। जिसमें नीरज अभी जेल में है और निर्भय जमानत पर छूटा है। एक पुत्र निलेश दिल्ली रहता है जबकि सबसे छोटा नितेश घर पर अपनी मां के साथ रहता है। घर में घुस कर महिला को गोली मारे जाने की जानकारी होते ही देवगांव कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच-पड़ताल में जुट गई है। समाचार लिखे जाने तक घटना को लेकर कोई तहरीर नहीं पड़ी थी।

Share this news