जौनपुर में 3 दिन रहेगी जन विश्वास यात्रा : मनीष शुक्ला

जौनपुर : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने कहा कि जन विश्वास यात्रा के माध्यम से भाजपा सभी 403 विधानसभाओ में जाकर विभिन्न वर्गों जैसे महिला, दिव्यांगजन, किसानभाई, नौजवान, आशा-आंगनबाड़ी बहने, शिक्षक आदि समूहों के करीब 4 करोड़ से अधिक लोंगो से सीधा जुड़कर उनका विश्वास और आशीर्वाद लेगी।
                                 
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला मंगलवार को जौनपुर में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि काशी क्षेत्र की जनविश्वास यात्रा का शुभारम्भ 19 दिसम्बर को गाजीपुर में भारत सरकार की केंद्रीय मंत्री श्रीमती स्मृति इरानी ने किया। यह यात्रा क्षेत्र के सभी 71 विधानसभाओ से हो कर गुजरेगी। जौनपुर में यात्रा 30, 31 दिसम्बर व 1 जनवरी को रहेगी। जफराबाद और केराकत विधानसभा में 30 दिसम्बर को, जौनपुर नगर, मल्हनी और मछलीशहर में 31 दिसम्बर को यात्रा पहुँचेगी। मुंगराबादशाहपुर बदलापुर और शाहगंज विधानसभाओ में 1 जनवरी को यात्रा रहेगी। पूरी यात्रा के दौरान विभिन्न जगहों पर स्वागत और सभा का आयोजन किया जायेगा।

उन्होंने कहा है कि भाजपा सरकार किसानों के साथ-साथ सीमा पर तैनात जवानों के लिए भी काम कर रही है। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही संकल्प पत्र के अनुसार प्रदेश के 86 लाख किसानों का 36 लाख करोड़ रुपए का कर्ज माफ किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने साढ़े चार वर्षों में रिकॉर्ड खाद्यान्न खरीद की है और कोरोना काल में यूपी के 15 करोड़ लोगों को बिना भेदभाव के मुफ्त राशन दिया। इससे पहले की सरकारें भी कर सकती थीं, लेकिन उनके पास न तो नीति थी और न ही किसानों के कल्याण की नीयत। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पराली जलाने के मामले में किसानों के ऊपर लगे सारे मुकदमे वापस ले लिए हैं।

श्री शुक्ला ने कहा कि प्रदेश के 45 लाख गन्ना किसानों को योगी सरकार ने तोहफा देकर गन्ना का समर्थन मूल्य 25 रुपये प्रति कुंतल बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि बढ़े हुए गन्ना मूल्य के कारण किसानों को लगभग 4000 करोड़ रुपए की अतिरिक्त धनराशि प्राप्त होगी।

उन्होंने कहा कि 2017 में 8 साल पहले गन्ना का भुगतान बकाया था हमारी सरकार ने टीम वर्क के साथ दृढ़ इच्छाशक्ति दिखाई और गन्ना विभाग द्वारा साढ़े 4 साल में 1.44 लाख करोड़ का भुगतान किया गया।

प्रदेश प्रवक्ता श्री शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में सपा शासन के दौरान अपराधियों द्वारा तमंचे व कट्टे का निर्माण किया जा रहा था भाजपा की सरकार बनने पर डिफेंस कॉरिडोर में ड्रोन, लड़ाकू विमान, बुलेट प्रूफ जैकेट, हेलीकॉप्टर, तोप और उसके गोले, अलग-अलग तरह की बंदूकें आदि बनाए जाएंगे। डिफेंस कॉरिडोर से देश को रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने और मेक इन इंडिया को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में डिफेंस कॉरिडोर का खासा महत्व है। अभी भारत रक्षा क्षेत्र की अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए विदेशों पर निर्भर है। भारत दूसरे देशों से हथियारों का आयात करता है।अंतर्राष्ट्रीय स्तर के डिफेंस प्रोडक्ट और हथियारों का उत्पादन होने के साथ ही इन डिफेंस कॉरिडोरों के कारण क्षेत्रीय उद्योगों का विकास होगा और नए रोजगार का मौका बनेगा, साथ ही, उद्योग रक्षा उत्पादन के लिए ग्लोबल सप्लाई चेन के साथ भी जुड़ सकेंगे। देश की रक्षा के लिए तैयार होने वाले हथियारों की फैक्टरी लगाने के लिए किसानों ने अपनी जमीन सरकार को दी है, इससे उनकी देशभक्ति की भावना का पता लगता है। उन्होंने कहा कि रक्षा उत्पादों का देश में ही उत्पादन होगा, जिससे देश की जीडीपी में भी इजाफा होगा।

प्रदेश प्रवक्ता श्री शुक्ला ने कहा कि ऊर्जा के क्षेत्र में वर्ष 2012 से 2017 की तुलना में वर्ष 2017 से 2021 में रिकॉर्ड 121324 मजरे विधुतीकृत किये जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 से 2017 की तुलना में वर्ष 2017 से 2021 में उत्तर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में ऊर्जा आपूर्ति में 42% की समग्र वृद्धि प्राप्त की गयी है। वर्ष 2017 से 2021 में औसत ऊर्जा की आपूर्ति में 53% की वृद्धि हो गयी है। वित्तिय वर्ष 2021-22 में समग्र पारेषण क्षमता में 71.2% की वृद्धि दर्ज की गयी है। उन्होंने कहा कि 33/11 के0वी0 उपकेंद्रों पर वोल्टेज में सुधार हेतु 1445 नग कैपेसिटर बैंक स्थापना व ऊर्जीकरण का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। 
                                 
श्री शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में बढ़ी बुनियादी सुविधाएं, बढ़ा निवेश जैसे 05 इंटरनेशनल एयरपोर्ट, 8 एयरपोर्ट संचालित,13 अन्य एयरपोर्ट एवं 7 हवाईपट्टी का विकास किया गया। 341 किमी. लंबे पूर्वांचल एक्स्प्रेस- वे का लोकार्पण हो चुका है, 297 किमी लंबे बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य प्रगति पर और 594 किमी. लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया है। 91 किमी लंबे गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे का कार्य प्रगति पर बलिया लिंक एक्सप्रेस-वे को मंजूरी मिली, 14 हजार 160 किमी सड़को का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण किया गया। 3 लाख 39 हज 698 किमी. सड़को का गड्ढा मुक्त तथा प्रदेश से जुड़ने वाले अन्य प्रदेशों/देश की सीमाओं तक जाने वाली 82 सड़को हेतु 1 हजार 759 करोड़ रुपये की लागत से 929 किमी. लम्बाई में कार्य प्रगति पर है।

श्री शुक्ला ने आगे कहा कि मिशन रोजगार के तहत 4.50 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी व 3 लाख युवाओं की संविदा पर सरकारी नियुक्ति की गई। 82 लाख एमएसएमई इकाइयों को 2 लाख 15 हज 506 करोड़ रुपये का ऋण वितरित कर लगभग 2 करोड़ लोंगो को रोजगार दिया गया। उन्होंने कहा कि एक जनपद-एक उत्पाद योजना में 25 लाख लोगों को रोजगार, बड़ी औधोगिक इकाईयों में 3 लाख से अधिक लोंगो को रोजगार, स्टार्टअप नीति के अंतर्गत 5 लाख युवाओं को रोजगार, अन्य राज्यों से अपने प्रदेश वापस आए 40 लाख से अधिक श्रमिकों/कामगारों को रोजगार, 1.50 करोड़ से अधिक श्रमिकों को मनरेगा में रोजगार, 58 हजार 758 महिलाएं बैंकिग सखी के रूप में चयनित, 10 लाख स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से 1 करोड़ महिलाओं को रोजगार दिया गया।

श्री शुक्ला ने आगे बताया कि नगर में गोमती तट के पास मंदिर के सुंदरीकरण और घाटों के निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा दो परियोजनाओं की प्रशासकीय और वित्तीय सुकृति मिल गई है। इन दोनों परियोजनाओं में लगभग 791 लाख रुपया खर्च होंगे जिसकी प्रथम किस्त जारी कर दी गई थी। पहली परियोजना नगर गोमती नदी के तट शाही पुल के पास हनुमान मंदिर राम जानकी मंदिर, काली जी का मंदिर, दुर्गा जी का मंदिर और शिव जी का मंदिर के पर्यटन विकास सुंदरीकरण एवं घाटों के निर्माण के लिए 675.27 लाख एवं दूसरी परियोजना शास्त्री पुल के पास बलुआ घाट चकप्यार अली स्थित शिव मंदिर एवं हनुमान मंदिर के पर्यटन विकास सौंदर्यीकरण एवं घाटों के निर्माण के लिए 116.20 लाख उन्होंने बताया कि नमामि गंगे परियोजना के तहत हनुमान घाट , बजरंग घाट पर पहले से ही काम चल रहा है और दो परियोजना स्वीकृत हो जाने के कारण गोमती नदी के दोनों किनारों पर सुंदरता बढ़ जाएगी पर्यटन की दृष्टि से भी जनपद वासियों को लाभ मिलेगा।

श्री शुक्ला ने आगे कहा कि करखियाव में अमूल प्लांट का सौगात माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा 23 दिसंबर को मिलने जा रही हैं, स्थानीय स्तर पर रोजगार का सृजन होगा। आसपास के किसानों, पशुपालकों एवं व्यापारियों को सीधे लाभ मिलेगा। उन्होंने आगे कहा कि कल माननीय मुख्यमंत्री जी की उपस्थिति में सड़क परिवहन मंत्री आदरणीय नितिन गडकरी जी ने जौनपुर के कलीचाबाद, नईगंज, मुंगराबादशाहपुर तथा शहर उस श्रेणी में ना होने के बाद भी फ्लाईओवर व रिंग रोड की बड़ी सौगात दी जो क्षेत्र के लोगों का आर्थिक गतिविधियों को बढ़ाने में कारगर होगी और यातायात सुगम होगी। उक्त अवसर पर जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, जिला उपाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंघानिया, जिला मीडिया प्रभारी आमोद सिंह, सह मीडिया प्रभारी द्वय प्रतीक मिश्रा, सुशान्त चौबे उपस्थित रहे।

Share this news